ब्रिटेन में पहली बार भीषण गर्मी का रेड अलर्ट
दुनिया के कई देश गर्मी से जूझ रहे हैं। इन देशों में अब ब्रिटेन का नाम सबसे ऊपर है। ब्रिटेन में पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस के तापमान का अनुमान लगाया गया है और मौसम विभाग ने असाधारण गर्मी के लिए पहली बार रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले हफ्ते की शुरुआत में इंग्लैंड के बड़े हिस्से में असाधारण गर्मी की संभावना है।
स्पेन और फ्रांस में बढ़ते तापमान का असर ब्रिटेन में भी महसूस किया जाने लगा है। बढ़ते तापमान के चलते ब्रिटेन राष्ट्रीय हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। भीषण गर्मी से निपटने के उपायों पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें होने लगी हैं। ब्रिटेन में यह स्थिति फ्रांस और स्पेन में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते आई है। मध्य स्पेन में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। इसके असर से इंग्लैंड और वेल्स में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसको देखते हुए एंबर हीट वार्निग जारी की गई है।