भारत-चीन बार्डर पर 18 दिन बाद मिले सात मजदूर
अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले से लापता हुए असम के 19 मजदूरों में से सात मजदूरों का पता लगा लिया गया है। सातों मजदूरों को बचाने के बाद तुरंत ही चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। बता दें कि IAF के हेलिकाप्टर खोज और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। प्रदेश आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) पहले से ही उनकी तलाश में लगा हुआ है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से इन लापता श्रमिकों को तलाशने के लिए सेना को लगाने का अनुरोध किया था। कुरुंग कुमे के उपायुक्त बेंगिया निघी ने बताया कि जिला प्रशासन के अनुरोध पर वायुसेना के हेलिकाप्टर दामिन क्षेत्र में कुमे नदी के आसपास तलाश अभियान शुरू करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) भी जल्द ही लापता श्रमिकों के तलाश अभियान में शामिल होगा।
असम के रहने वाले इन श्रमिकों को ठेकेदार ने सीमा सड़क संगठन के सड़क निर्माण कार्य में लगाया हुआ था। दो दिन पहले पुलिस और नागरिक अधिकारियों की एक टीम उस क्षेत्र में गई थी। निघी ने बताया कि वह क्षेत्र बेहद दुर्गम और घने जंगलों वाला है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हवाले से एक श्रमिक का शव मिलने की खबरों की अधिकारियों की टीम ने पुष्टि नहीं की है।