रामनगरी में रिश्तों की बेड़ियां टूटीं, बुजुर्ग मां को रात के अंधेरे में छोड़ गए अपने, CCTV में कैद हुई बेरुखी

रामनगरी में रिश्तों की बेड़ियां टूटीं, बुजुर्ग मां को रात के अंधेरे में छोड़ गए अपने, CCTV में कैद हुई बेरुखी
आइडियल इंडिया न्यूज़
राजेश कपूर अयोध्या
अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या, जहां हर कोना मर्यादा पुरुषोत्तम की करुणा और भक्ति से सराबोर रहता है, वहीं अब एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक बुजुर्ग महिला को उनके ही परिजन रात के अंधेरे में सुनसान रास्ते पर लावारिस हालत में छोड़कर चुपचाप भाग गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी मदद से अब पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मामला अयोध्या के किशन दासपुर क्षेत्र का है। देर रात इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो लोगों को एक बुजुर्ग महिला को सड़क किनारे छोड़ते हुए देखा गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक अन्य महिला भी उनके साथ थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में वे सभी बुजुर्ग को अकेला छोड़कर वहां से निकल जाते हैं।
इस घटना ने लोगों के मन को झकझोर दिया है। एक ओर जहां इस पवित्र नगरी को ‘मर्यादा’ की मिसाल माना जाता है, वहीं दूसरी ओर अपनों द्वारा अपनों को यूं बेसहारा छोड़ जाना समाज के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।
गंभीर हालत में महिला, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
स्थानीय लोगों की नजर जब इस बुजुर्ग महिला पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को दर्शन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
महिला की हालत इतनी नाजुक है कि वह बोलने की स्थिति में नहीं है। वह अपना नाम, पता या अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही हैं। यही वजह है कि पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उनकी पहचान कर पाना बन गई है।
फुटेज के जरिए पहचान की कोशिश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू कर दी है। जिन दो लोगों को महिला को छोड़ते हुए देखा गया है, उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला किस रिश्ते में उन लोगों के साथ थीं और उन्हें इस हाल में छोड़ने के पीछे क्या वजह रही।
फिलहाल पुलिस स्थानीय प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं की मदद से महिला की पहचान कराने और परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।